पटना न्यूज डेस्क: पटना के भूतनाथ रोड इलाके में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुक्रवार को ग्रामीण कार्य विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर विनोद कुमार राय के आवास पर छापेमारी की। चार मंजिला आलीशान घर में छानबीन से भ्रष्टाचार की गहराई सामने आई। गुरुवार रात से निगरानी कर रही टीम शुक्रवार सुबह ही घर में दाखिल हो सकी। अंदर पहुंचने पर उन्हें कई अहम सबूत मिले, जिसमें घर में रखी नकदी को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश भी शामिल थी। अधजले नोटों को टीम ने सुरक्षित कर आगे की जांच के लिए नगर निगम और FSL की टीम को बुलाया।
छापेमारी के दौरान करीब 55 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, 12 से अधिक बैंक खातों का ब्यौरा, लाखों की कीमत के सोने-चांदी के गहने और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी मिले। ये सबूत आय से अधिक संपत्ति और अवैध कमाई के गंभीर मामलों की ओर इशारा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, विनोद कुमार राय इस समय सीतामढ़ी में तैनात हैं और मधुबनी जिले का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से उनके खिलाफ अवैध कमाई और बेनामी संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर EOU ने छापेमारी की और शुरुआती जांच में ठोस सबूत हाथ लगे। बरामद दस्तावेज और बैंक डिटेल से मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पिछले 36 घंटों में यह EOU की तीसरी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही छापेमारी से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसी का मानना है कि दस्तावेज और बैंक डिटेल की जांच आगे चलकर भ्रष्टाचार के और बड़े मामलों को उजागर कर सकती है।